गहमर गंगा घाट पर डूबे युवक का तीसरे दिन मिला शव, परिवार में मचा कोहराम


सेवराई। गहमर गंगा घाट पर दोस्तों के साथ स्नान करते समय गहरे पानी में डूबकर लापता हुए युवक का शव घटना के तीसरे दिन शनिवार को पंचमुखी हनुमान घाट के पास उतराया मिला। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गाजीपुर भेज दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। गहमर कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि ग्रेटर नोएडा निवासी जतिन शर्मा अपने दोस्त की बहन की शादी समारोह में शामिल होने के लिए हथौरी गांव आया हुआ था। इसी दौरान वह दोस्तों के साथ गहमर गंगा घाट पर स्नान करने गया था, जहां नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम ने दो दिनों तक मोटर बोट की मदद से गहमर गंगा घाट से आसपास के क्षेत्रों में सघन खोजबीन की, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था। लगातार तलाश के बावजूद सफलता नहीं मिलने पर टीम वापस लौट गई थी। शनिवार की सुबह ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी कि नारायण घाट से करीब एक किलोमीटर दूर गहमर स्थित पंचमुखी हनुमान घाट पर एक युवक का शव पानी में उतराया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंचे युवक के दोस्तों ने शव की पहचान जतिन शर्मा के रूप में की। कोतवाल प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें