सादात गाज़ीपुर । नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत, समता पीजी कॉलेज, सादात में ‘नारी सशक्तिकरण पदयात्रा’ और गोष्ठी का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के प्रति जागरूकता फैलाना है।
महाविद्यालय परिसर से शुरू हुई इस पदयात्रा में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्लोगन के माध्यम से महिलाओं के अधिकार, सम्मान और समान भागीदारी का संदेश दिया। पदयात्रा के पश्चात कॉलेज में आयोजित संगोष्ठी में प्राचार्य और प्रवक्ताओं ने अपने विचार साझा किए। वक्ताओं ने इस बात पर जोर दिया कि महिला सशक्तिकरण समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा है। प्राचार्य डॉ. पीयूष वर्मा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम भारतीय लोकतंत्र के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि यह कानून केवल कानूनी अधिकार नहीं, बल्कि महिलाओं के सामाजिक और राजनैतिक उत्थान का एक सशक्त माध्यम है। महिलाओं को नीति-निर्धारण और निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल करना देश के सर्वांगीण विकास के लिए अनिवार्य है। छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग बनें और इस अधिनियम की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं। कार्यक्रम के प्रभारी अवनीश कुमार राय ने युवाओं को सशक्त समाज का आधार बताते हुए पदयात्रा में उनकी सक्रिय भागीदारी की सराहना किया। उन्होंने बताया कि यह आयोजन प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग के व्यापक अभियान का हिस्सा है, जिसका समापन 20 अप्रैल को होगा। कार्यक्रम में डा. बलवंत यादव, अमित कुमार, डा. प्यारेलाल यादव, डा. नीलम पाण्डेय, डा. अनीता कुमारी, रोहिणी राय, डा. जयप्रकाश यादव, ज्ञानता सोनकर सहित प्रवक्तागण और छात्र छात्रा मौजूद रहे।
