धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
पीड़ित ने अपर पुलिस अधीक्षक से की शिकायत, कथित धमकी का ऑडियो वायरल होने का दावा
मऊ। कोपागंज थाना क्षेत्र के धवरियासाथ गांव निवासी अशोक राजभर ने विदेश भेजने के नाम पर डेढ़ लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है।
अशोक राजभर के मुताबिक, विदेश में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर उनसे एक लाख 20 हजार रुपये बैंक खाते में और 30 हजार रुपये नकद लिए गए थे। आरोप है कि काफी समय बाद भी उन्हें विदेश नहीं भेजा गया। रकम वापस मांगने पर संबंधित व्यक्ति की ओर से गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले में पीड़ित पक्ष ने कुर्थी जाफरपुर पुलिस चौकी के वर्तमान प्रभारी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार, जब वह मामले की शिकायत लेकर चौकी पहुंचा तो वहां अनिल राजभर के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया और धमकी दी गई। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि बाद में फोन कर बुलाया गया और मोबाइल पर भी धमकाया गया।
इस प्रकरण से जुड़ी एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, ऑडियो की सत्यता और उसमें सुनाई देने वाली आवाजों की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पीड़ित ने अपर पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी रकम वापस दिलाने की मांग की है। अब पुलिस प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
