मोहम्मदाबाद (गाजीपुर)। तहसील मोहम्मदाबाद परिसर में शनिवार को उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ का 65वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर केक काटकर संगठन की स्थापना दिवस की खुशियां साझा की गईं। साथ ही सामाजिक सरोकारों का परिचय देते हुए गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच अंगवस्त्र, शॉल, साड़ी, फल एवं मिठाइयों का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी रणविजय सिंह, तहसीलदार महेंद्र बहादुर सिंह एवं नायब तहसीलदार नीतीश शाही की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान तहसील सभागार मोहम्मदाबाद में एक गोष्ठी का भी आयोजन किया गया, जिसमें संघ के गौरवशाली इतिहास, संगठन की एकता, लेखपालों के अधिकारों एवं कर्तव्यों पर चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कहा कि उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की स्थापना 14 नवंबर 1962 को स्वर्गीय पंडित मुरारी लाल शर्मा के नेतृत्व में हुई थी। छह दशक से अधिक की इस यात्रा में संगठन ने लेखपालों के सम्मान, अधिकारों एवं सेवा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष किया है। लेखपाल राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी होने के साथ ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
वक्ताओं ने संगठन की एकता, अखंडता, अनुशासन एवं आपसी भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति उसकी एकजुटता में निहित है और सभी लेखपालों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से करना चाहिए।
कार्यक्रम में तहसील अध्यक्ष संतोष राय, उपाध्यक्ष रविकांत सिंह, मंत्री अफसर अली, शैलेंद्र यादव, विजय श्रीवास्तव, प्रवीण कुमार सहित तहसील के सैकड़ों लेखपाल साथी मौजूद रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
