शादियाबाद गाजीपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना शादियाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक युवक को अवैध असलहे के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश व अपर पुलिस अधीक्षक नगर तथा क्षेत्राधिकारी भुड़कुड़ा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक शादियाबाद पवन उपाध्याय के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इसी क्रम में उपनिरीक्षक अजय प्रकाश पाण्डेय, कांस्टेबल शैलेश कुमार व कांस्टेबल आकाश कुमार की टीम ने थाना क्षेत्र के ग्राम अड़िला में छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान आल्हा सिंह पुत्र राजेश सिंह निवासी ग्राम सराय गोकुल थाना शादियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तारी रविवार शाम करीब 7:45 बजे की गई।
बरामदगी के आधार पर थाना शादियाबाद में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 108/2026 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए भेज दिया है।
पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, गाली-गलौज, धमकी व एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं। इससे पहले वर्ष 2019 में भी उसके खिलाफ दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज हो चुके हैं।
पुलिस की सख्ती जारी
शादियाबाद पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध हथियार रखने वालों व आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराध पर नियंत्रण के लिए पुलिस की टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।
