सेवराई (गाजीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र के अमौरा गांव निवासी रिजवाना अंसारी हत्याकांड में पुलिस ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आलाकत्ल पत्थर (आलाकत्ल) सहित घटना के समय पहने गए कपड़े और अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के बक्सर जनपद के राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव निवासी अयूब अंसारी (63) पुत्र स्व. शमशेर अंसारी के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को रिजवाना के पिता तसव्वर अंसारी निवासी अमौरा ने गहमर थाने में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी करीब 35 वर्षीय पुत्री की हत्या उसके दामाद अयूब अंसारी ने 11 नवंबर को कर दी थी। तहरीर के आधार पर गहमर थाने में मु0अ0सं0 247/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
शनिवार को प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में अपराधियों की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर सुबह करीब 11:10 बजे बरेजी चौराहे से आरोपी अयूब अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त एक अदद पत्थर, घटना के समय पहनी गई सफेद शर्ट, काली पैंट, हरे रंग का गमछा, प्लास्टिक का झोला तथा घटना में प्रयुक्त हीरो साइकिल बरामद की। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेजा जा रहा है।
प्रभारी निरीक्षक का बयान: गहमर थाना प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रिजवाना अंसारी हत्याकांड में वांछित आरोपी को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पत्थर और अन्य सामान बरामद किया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी, कांस्टेबल मन्नेलाल, कांस्टेबल शुभम गिरि तथा महिला कांस्टेबल प्रियंका यादव शामिल रहीं।
