सेवराई (गाजीपुर)। तहसील क्षेत्र के भदौरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम भदौरा में छठ पूजा की तैयारियां शुरू हो गई हैं। पावर हाउस के समीप स्थित पोखरे पर ग्राम प्रधान प्रशासक की ओर से साफ-सफाई एवं घाटों की सफाई का कार्य कराया जा रहा है, ताकि छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस संबंध में ग्राम प्रधान प्रशासक भदौरा प्रदीप राजभर ने बताया कि छठ पूजा लोक आस्था का महापर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु पोखरे पर पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। उनकी सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पोखरे एवं घाटों की साफ-सफाई कराई जा रही है। साथ ही पोखरे में रस्सी बांधकर बैरिकेडिंग भी कराई जाएगी, ताकि कोई श्रद्धालु गहरे पानी की ओर न जाए और पूजा के दौरान किसी प्रकार की अनहोनी न हो।
ग्राम प्रधान प्रशासक प्रदीप राजभर ने बताया कि छठ पूजा से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना करने की सुविधा मिल सके।
