सेवराई (गाजीपुर)। किसान मसीहा बाबा महेंद्र सिंह टिकैत की 91वीं जयंती के अवसर पर किसान यूनियन टिकैत के तहसील अध्यक्ष एवं किसान नेता भानू प्रताप सिंह सेवराई ने मंगलवार को अनोखे अंदाज में जयंती मनाई। उन्होंने तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों की वनवासी एवं मलिन बस्तियों में पहुंचकर फल, मिठाई और केक का वितरण किया।
इस दौरान किसान नेता ने वनवासी समाज की महिलाओं, बच्चों और पुरुषों के साथ जमीन पर बैठकर केक काटा और अपने हाथों से बच्चों को खिलाया। केक और मिठाई पाकर बस्ती के बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। बच्चे एक-दूसरे के साथ हंसी-ठिठोली करते और खुशी से झूमते नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान भानू प्रताप सिंह ने बस्तियों में रहने वाले लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि वनवासी समाज के अधिकारों और हितों की लड़ाई वह आगे भी पूरी मजबूती से लड़ते रहेंगे।
उन्होंने कहा, “चाहे किसी परिवार को आवास की जरूरत हो या किसी बीमार व्यक्ति को अस्पताल तक पहुंचाने की, जरूरतमंदों की मदद के लिए मैं हमेशा तत्पर रहूंगा। गरीब, असहाय और समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के लिए मेरा प्रयास जारी रहेगा। आप लोगों को जब भी मेरी जरूरत हो, सिर्फ आवाज देना, मैं आपके साथ खड़ा मिलूंगा।”
किसान नेता के इस मानवीय प्रयास की वनवासी बस्तियों के लोगों ने सराहना की। इस मौके पर मृत्युंजय सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
