देवल कर्मनाशा पुल के पास खाई में मिला महिला का शव, क्षेत्र में सनसनी


सेवराई (गाजीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र के देवल स्थित कर्मनाशा पुल के समीप बुधवार की सुबह सड़क किनारे खाई में एक अधेड़ महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह-सुबह शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही गहमर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतका की पहचान रिजवाना खातून (48) पुत्री तसव्वर अंसारी, निवासी ग्राम अमौरा, थाना दिलदारनगर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रिजवाना की शादी बिहार प्रांत के कर्मनाशा नदी की समीपवर्ती सोनपा गांव निवासी अयुब अंसारी के साथ हुई थी। मंगलवार को वह अपने ससुराल सोनपा से मायके अमौरा जाने के लिए निकली थी। लेकिन दूसरे दिन बुधवार की सुबह देवल-कर्मनाशा पुल के समीप सड़क किनारे खाई में उसका शव मिलने की जानकारी सामने आई। महिला का शव मिलने की खबर से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों के अनुसार, रिजवाना की एक दस वर्षीय बेटी आरफीन है। रिजवाना की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। वहीं, घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने महिला की हत्या कर शव खाई में फेंके जाने की आशंका जताई। हालांकि, मौत के कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी जमानिया अंकित तिवारी भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है।

इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक गहमर नन्द कुमार तिवारी ने बताया कि महिला का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। महिला की मौत हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें