धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन मऊ में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक मऊ सर्वेश कुमार मिश्रा ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और अदम्य साहस के बल पर देश की विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उनके आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर देश की एकता एवं अखंडता बनाए रखने का संकल्प दिलाता है। पुलिस बल के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की जिम्मेदारी है कि वह संविधान एवं कानून के प्रति निष्ठावान रहते हुए निष्पक्षता, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।
पुलिस अधीक्षक ने समाज में शांति, सौहार्द और सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के साथ ही आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने तथा देशवासियों के बीच एकता का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रतिसार निरीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
