धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। राजकीय पॉलिटेक्निक, मऊ में जिला गंगा समिति एवं प्राविधिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलने वाले इस सप्ताह की थीम ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ (Probity for Prosperity) रखी गई है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और कर्मचारियों में ईमानदारी, पारदर्शिता तथा भ्रष्टाचार के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम में जिला गंगा समिति, मऊ के जिला परियोजना अधिकारी डॉ. हेमंत कुमार यादव ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा किसी भी संस्थान व समाज की प्रगति के मूल आधार हैं। भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का निर्वहन पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से दैनिक जीवन में नैतिक मूल्यों को अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
इस दौरान डॉ. यादव ने छात्र-छात्राओं एवं कर्मचारियों को सत्यनिष्ठा और ईमानदारी की शपथ दिलाई। सभी ने भ्रष्टाचार से दूर रहने, नियमों का पालन करने और अपने कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए संस्थान के प्रधानाचार्य परमानंद सिंह यादव ने कहा कि विद्यार्थियों के चरित्र निर्माण में नैतिक शिक्षा और अनुशासन की अहम भूमिका है। सत्यनिष्ठा एक विकसित और सशक्त राष्ट्र के निर्माण की अनिवार्य शर्त है।
कार्यक्रम का संचालन इलेक्ट्रॉनिक्स विभागाध्यक्ष वीरेश कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अभिनय सिंह ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर संतोष कुमार, अनूप कुमार, प्रज्ञा सिंह, डॉ. राजकमल शास्त्री, विनय कुमार सहित प्रवक्तागण, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
