– अब्बास अंसारी पर साधा निशाना, अंसारी परिवार से 35 वर्षों के विकास का हिसाब मांगने की कही बात
मऊ। अब्बास अंसारी के बयान को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य शक्ति सिंह ने अंसारी परिवार पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। अपने गृह जनपद मऊ में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि राजनीतिक जमीन खिसकने लगती है तो नेताओं को कभी चाचा, कभी भाई तो कभी भैया याद आने लगते हैं। उन्होंने अंसारी परिवार की राजनीतिक कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता अब विरासत की सियासत से आगे बढ़कर विकास और कामकाज का हिसाब मांग रही है। शक्ति सिंह ने अब्बास अंसारी की राजनीतिक गतिविधियों पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव को भैया और ओमप्रकाश राजभर को चाचा कहने की राजनीति से जनता को भ्रमित नहीं किया जा सकता। चुनाव नजदीक आने पर राजनीतिक रिश्तों की दुहाई देने वाले नेताओं को जनता के बीच अपने काम और उपलब्धियों का जवाब भी देना होगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राजनीतिक समीकरणों में और भी हलचल देखने को मिलेगी।
35 वर्षों के विकास का हिसाब देने की उठाई मांग
मऊ के विकास का मुद्दा उठाते हुए शक्ति सिंह ने अंसारी परिवार की राजनीतिक भूमिका पर सवाल खडे़ किए। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का पूरा अधिकार है कि पिछले 35 वर्षों में क्षेत्र के विकास के लिए क्या काम किए गए। उनके मुताबिक, मऊ की आवाज और विकास के मुद्दों को लंबे समय तक अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिली, लेकिन अब लोग अपने अधिकारों और भविष्य को लेकर जागरूक हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र का विकास सुनिश्चित करना होना चाहिए। केवल राजनीतिक रिश्तों और विरासत के सहारे जनता का विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता। शक्ति सिंह ने दावा किया कि मऊ की जनता अब राजनीतिक दावों और हकीकत के बीच अंतर समझ रही है। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र के विकास, जनहित और जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहेंगे।
