सेवराई (गाजीपुर)। थाना गहमर क्षेत्र के ग्राम पचौरी से सोमवार को एक महिला के भटककर आने की सूचना पीआरवी-8772 को मिली। सूचना मिलते ही थाना गहमर के प्रभारी निरीक्षक नन्द कुमार तिवारी के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को सकुशल थाना गहमर लाया गया।
थाना परिसर में महिला को मिशन शक्ति केंद्र पर महिला कांस्टेबल किरन यादव एवं मोनी देवी की देखरेख में सुरक्षित रखा गया। मिशन शक्ति टीम ने महिला से उसके परिजनों के संबंध में जानकारी प्राप्त कर तत्काल संपर्क स्थापित करने का प्रयास शुरू किया।
महिला द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर उसके पिता तेजबली तथा चचेरे भाई हरेंद्र कुमार से संपर्क किया गया। दोनों मिर्जापुर जनपद के मड़िहान थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए। संपर्क होने के बाद परिजन गहमर पहुंचे, जहां पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने आवश्यक सत्यापन के बाद महिला को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
महिला के परिजनों ने मिशन शक्ति केंद्र गहमर की टीम एवं गहमर पुलिस के प्रति आभार जताया।
प्रभारी निरीक्षक गहमर नन्द कुमार तिवारी ने बताया कि महिला के भटककर आने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित थाना परिसर लाया। मिशन शक्ति टीम की मदद से महिला के परिजनों से संपर्क स्थापित कर उसे सकुशल परिवार के सुपुर्द किया गया। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सहायता के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
