सेवराई (गाजीपुर)। एशिया के बड़े एवं सैनिक बाहुल्य गांव गहमर के रेलवे स्टेशन पर पाटलिपुत्रा लोकमान्य तिलक टर्मिनल सुपरफास्ट एक्सप्रेस के अप और डाउन दोनों दिशाओं में ठहराव शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। मंगलवार को ट्रेन के गहमर स्टेशन पहुंचते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण, व्यापारी, पूर्व सैनिक एवं विभिन्न संगठनों के लोग स्टेशन पर जुट गए।
12142 अप पाटलिपुत्रा लोकमान्य तिलक टर्मिनल सुपरफास्ट एक्सप्रेस के गहमर स्टेशन पर ठहराव के बाद नालंदा, बिहार के जनता दल यूनाइटेड सांसद कौशलेंद्र प्रताप सिंह ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को अगले गंतव्य के लिए रवाना किया। ट्रेन के ठहराव को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए मौजूद लोगों ने खुशी जताई।
इस दौरान भूतपूर्व सैनिक संगठन गहमर परिक्षेत्र, रेल ठहराव संघर्ष समिति गहमर, व्यापार मंडल, अधिवक्ता संघ सेवराई और ग्राम प्रधान गहमर सहित अन्य लोगों ने सांसद कौशलेंद्र सिंह एवं जनता दल यूनाइटेड के उत्तर प्रदेश प्रवक्ता विनीत तिवारी के प्रति आभार जताया।
सांसद कौशलेंद्र सिंह ने कहा कि पाटलिपुत्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस का गहमर स्टेशन पर अप और डाउन दोनों दिशाओं में ठहराव सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की ओर से गहमर स्टेशन के बाहर तिरंगा लगाने की मांग भी रखी गई है, जिस पर कार्य किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी सुधीर गहमरी, पूर्व सैनिक चंदन सिंह, हृदय नारायण सिंह, सच्चिदानंद उपाध्याय,अमजद अली खान,आसिफ खान ग़ाज़ीपुरी,सैफ खान,तुफैल खान सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रभारी निरीक्षक नंद कुमार तिवारी के साथ जीआरपी और आरपीएफ के जवान भी तैनात रहे।
