धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
घोसी (मऊ)। घोसी ब्लॉक मुख्यालय के सामने शनिवार देर रात तेज रफ्तार सीमेंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली ब्रेकर पर उछलकर अनियंत्रित हो गई। कुछ ही पल में ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। हादसे में चालक उसके नीचे दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान गोठा निवासी अरविंद यादव (40) पुत्र रामसुख के रूप में हुई। बताया गया कि अरविंद यादव शनिवार देर रात इंदारा से ट्रैक्टर-ट्रॉली पर सीमेंट लादकर अपने घर गोठा लौट रहे थे। रात करीब 12:30 बजे वह घोसी ब्लॉक मुख्यालय के सामने पहुंचे। इसी दौरान ब्रेकर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली उछल गई और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। देखते ही देखते ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई और अरविंद उसके नीचे दब गए।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही घोसी कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीधा कराया और उसके नीचे दबे अरविंद के शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। अरविंद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि अरविंद यादव गोठा में फोरलेन के किनारे अपने मकान का निर्माण करा रहे थे। निर्माण कार्य के लिए ही वह इंदारा से सीमेंट लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
