धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। डॉ. भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में रविवार को राज्य स्तरीय समन्वय जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी आनंद वर्धन और पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने संयुक्त रूप से प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों के साथ वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर और अयोध्या छात्रावास की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं।
प्रतियोगिता का आयोजन चार से नौ अक्तूबर तक किया जा रहा है। इसमें आगरा, मेरठ, बरेली, लखनऊ, अयोध्या, आजमगढ़, मुरादाबाद, सहारनपुर, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, झांसी, गोरखपुर, अलीगढ़, मिर्जापुर, बस्ती, देवीपाटन (गोंडा) और चित्रकूट (बांदा) मंडल की टीमें शामिल हैं। प्रतियोगिता में करीब 350 खिलाड़ी और टीम मैनेजर प्रतिभाग कर रहे हैं।
उद्घाटन समारोह के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान जिलाधिकारी आनंद वर्धन और पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने बालिका खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और प्रदेश व देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, प्रशिक्षक, टीम मैनेजर, संबंधित अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
