जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय रतनपुरा का किया आकस्मिक निरीक्षण
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में मिली कमी पर जताई कड़ी नाराजगी,संबंधित ठेकेदार पर पेनल्टी लगाने के दिए निर्देश
रतनपुरा,मऊ । जिलाधिकारी श्री आनंद वर्द्धन ने आज निर्माणाधीन कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, रतनपुरा का आकस्मिक निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में गुणवत्ता संबंधी कमियां पाए जाने तथा निर्धारित समय-सीमा के उपरांत भी कार्य पूर्ण न होने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के कमरों में लगाए जा रहे अलमारियों के निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग पाया गया। जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने तथा मानकों के अनुरूप सामग्री का ही प्रयोग किए जाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए कि विद्यालय के समस्त निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ यथाशीघ्र पूर्ण कराया जाए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही, मानकों की अनदेखी अथवा घटिया सामग्री का प्रयोग पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी निर्धारित करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कार्यदायी संस्था सहित संबंधित ठेकेदार को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य पूर्ण कराने तथा समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी एवं गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि यदि कार्यों में पुनः लापरवाही अथवा गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित कार्यदायी संस्था एवं ठेकेदार के विरुद्ध और कठोर कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग श्री अरुण कुमार, सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
