धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। रानीपुर थाना पुलिस ने स्नैचिंग के मामले में वांछित दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पीली धातु का मंगलसूत्र लॉकेट, 1,930 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपितों में सुजीत यादव निवासी ग्राम छपरा, थाना चिरैयाकोट और नितेश उर्फ गोलू निवासी कस्बा चिरैयाकोट शामिल हैं। पुलिस ने दोनों का चालान न्यायालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, नौ सितंबर को अस्पताल परिसर में एक महिला के गले से मंगलसूत्र का लॉकेट झपट लिया गया था। इस संबंध में रानीपुर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 106/2026 के तहत बीएनएस की धारा 304(2) व 317(2) में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को रानीपुर पुलिस ने मिर्जापुर गौशाला के सामने हुड़हरा के पास से सुजीत यादव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि झपटा गया लॉकेट उसने चिरैयाकोट में सोने-चांदी की दुकान चलाने वाले नितेश उर्फ गोलू को 21 हजार रुपये में बेच दिया था। बिक्री की रकम में से 1,930 रुपये उसके पास बचे थे, जबकि शेष रुपये पिता के इलाज में खर्च हो गए।
सुजीत की निशानदेही पर पुलिस ने नितेश उर्फ गोलू से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, नितेश ने अपनी संबंधी के माध्यम से मंगलसूत्र का लॉकेट मंगवाकर पुलिस को उपलब्ध कराया। मौके पर बुलाकर पीड़ित महिला से बरामद लॉकेट की पहचान कराई गई। महिला ने लॉकेट और सुजीत की पहचान की, जिसके बाद बरामद सामान को विधिक प्रक्रिया के तहत सील किया गया।
पुलिस ने चोरी का माल खरीदने के आरोप में नितेश उर्फ गोलू को भी गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के कागजात प्रस्तुत न किए जाने पर उसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया।
कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना जितेंद्र सिंह के नेतृत्व में की गई।
