मुठभेड़ में फरार दो आरोपी और लूट का माल खरीदने वाला सुनार गिरफ्तार


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

मऊ। हलधरपुर थाना पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान फरार हुए दो वांछित आरोपियों को लूटे गए सोने के आभूषणों को खरीदने का प्रयास कर रहे एक सुनार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूटे गए आभूषण, तीन मोबाइल फोन और नकदी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराधियों और वांछित आरोपियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेश दत्त मिश्र के नेतृत्व में हलधरपुर पुलिस को यह सफलता मिली।

पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर को पुलिस मुठभेड़ के दौरान मयंक उर्फ प्रिंस यादव को गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए थे। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गहनी गांव में पीपल के पेड़ के पास घेराबंदी की।

पुलिस का कहना है कि राजा राजभर और लाला उर्फ योगेंद्र राजभर लूटे गए आभूषणों को बेचने के लिए रघौली बाजार स्थित जिज्ञासा ज्वेलर्स के संचालक अनुराग वर्मा को बुलाकर मोलभाव कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने तीनों को घेरकर गिरफ्तार कर लिया।

दंपती को तमंचा दिखाकर लूटने का आरोप

पूछताछ में पुलिस के अनुसार, राजा राजभर और लाला उर्फ योगेंद्र राजभर ने बताया कि वे अपने साथी मयंक उर्फ प्रिंस यादव के साथ चोरी और लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। पांच सितंबर को जमीन सहरुल्लाह के पास एक दंपती को तमंचा दिखाकर लूटपाट करने की बात भी सामने आई है।

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को चेकिंग के दौरान भागते समय आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। जवाबी कार्रवाई में मयंक उर्फ प्रिंस यादव घायल होकर पकड़ा गया था, जबकि राजा और योगेंद्र मौके से फरार हो गए थे।

यह सामान हुआ बरामद

पुलिस ने राजा राजभर के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। इसके अलावा तीन पीली धातु के लॉकेट, तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 50 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, लॉकेट लूटे गए मंगलसूत्र और आभूषणों से संबंधित हैं।

तीनों के खिलाफ कार्रवाई

गिरफ्तार आरोपियों में राजा राजभर निवासी रसड़ी थाना घोसी, लाला उर्फ योगेंद्र राजभर निवासी रसड़ी थाना घोसी और अनुराग वर्मा निवासी माउरबोझ थाना घोसी शामिल हैं। अनुराग वर्मा रघौली बाजार स्थित जिज्ञासा ज्वेलर्स का संचालक बताया गया है।

पुलिस ने इस मामले में थाना हलधरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 190/26 के तहत धारा 309(4), 317(2), 317(4) बीएनएस तथा मुकदमा अपराध संख्या 195/26 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस और धारा 3/25 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की है।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें