भदौरा ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित हुआ विदाई समारोह, अधिकारियों व कर्मचारियों ने किया सम्मानित
सेवराई। तहसील क्षेत्र के भदौरा ब्लॉक मुख्यालय पर सोमवार को उर्दू अनुवादक सह वरिष्ठ सहायक लिपिक असद अंसारी के सेवानिवृत्त होने पर भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में ब्लॉक के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर तथा फूल-माला भेंट कर सम्मानित किया और उनके सुखद एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।
समारोह की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी भदौरा केके सिंह ने की, जबकि संचालन ग्राम पंचायत अधिकारी विमलेश प्रजापति ने किया। इस दौरान वक्ताओं ने सेवानिवृत्त हुए असद अंसारी के कार्यकाल को याद करते हुए उनके कार्य व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा और सहयोगात्मक रवैये की सराहना की। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय तक विभाग में अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त होना जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उनके साथ कार्य करने का अनुभव सभी के लिए यादगार रहेगा।
खंड विकास अधिकारी केके सिंह ने कहा कि सरकारी सेवा से सेवानिवृत्ति भले ही एक औपचारिक प्रक्रिया है, लेकिन विभागीय परिवार से जुड़ाव कभी समाप्त नहीं होता। उन्होंने असद अंसारी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखमय भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान सहकर्मियों ने भी अपने अनुभव साझा किए और असद अंसारी के साथ बिताए कार्यकाल को याद किया। भावभीने माहौल में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें सम्मानित कर विदाई दी।
इस मौके पर एडीओ पंचायत सुरेश प्रसाद, एडीओ आईएसबी जगदीश केशरी, एडीओ समाज कल्याण दिव्यांश राय, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी वकार खान, जेई एमआई अनिल कुमार, ग्राम पंचायत अधिकारी कमल कांत सिंह, पवन कुमार सिंह, समीर राय, राजीव शर्मा, नगीना राम, नवीन यादव, जोखन कुशवाहा, नितेश कुमार, संगीता कुशवाहा, जितेंद्र सिंह, आलोक पाण्डेय, सौरभ मिश्रा, मोती राम, रियाज खान, जहांगीर अंसारी, मिनहाज खान सहित ब्लॉक के समस्त कर्मचारी मौजूद रहे।
