सेवराई। आगामी 26 अगस्त को मुस्लिम समुदाय के 12 वफात पर्व को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को उपजिलाधिकारी सेवराई गजराज सिंह यादव एवं क्षेत्राधिकारी जमानियां के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों ने आयोजकों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर जुलूस की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। इसके बाद अधिकारियों ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मुख्य जुलूस दिलदारनगर थाना क्षेत्र के रक्सहां गांव स्थित मदरसे से शुरू होकर दिलदारनगर बाजार होते हुए मुखबूल खान के अहाते में पहुंचकर समाप्त होगा। रक्सहां स्थित मदरसे में जुलूस के अध्यक्ष मौलाना रियाज हुसैन की मौजूदगी में हुई बैठक में अधिकारियों ने निर्धारित रूट और तय कार्यक्रम के अनुसार ही जुलूस निकालने के निर्देश दिए।
बैठक में जुलूस के समय, मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने आयोजकों से जुलूस के दौरान अनुशासन बनाए रखने तथा निर्धारित मार्ग का पालन करने की अपील की। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह, विवाद अथवा आपत्तिजनक गतिविधि से बचने के लिए लोगों को जागरूक करने को कहा गया।
अधिकारियों ने कहा कि पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द का संदेश देता है। सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं और प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करें। जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ ही संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने की बात कही गई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं आयोजकों और स्थानीय लोगों ने जुलूस को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया।
