25 अगस्त की बैठक में सर्वसम्मति से लिया निर्णय, अब नियमित रूप से होगा न्यायिक कार्य….
सेवराई। जिलाधिकारी की ओर से पूर्व में जारी आदेश वापस लिए जाने के बाद बार एसोसिएशन तहसील सेवराई ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त कर दी है। मंगलवार को बार एसोसिएशन की आवश्यक बैठक अध्यक्ष पारस राम की अध्यक्षता में हुई, जिसमें सर्वसम्मति से हड़ताल समाप्त कर नियमित रूप से न्यायिक कार्य शुरू करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में अधिवक्ताओं ने बताया कि जिलाधिकारी की ओर से तीन अगस्त 2026 को जारी आदेश के विरोध में बार एसोसिएशन ने न्यायिक एवं संबंधित कार्यालयों के कार्य से विरत रहने का निर्णय लिया था। इसके बाद जिलाधिकारी ने 24 अगस्त को उक्त आदेश को वापस लेने का आदेश जारी कर दिया। आदेश वापस होने की जानकारी मिलने के बाद मंगलवार को अधिवक्ताओं की बैठक बुलाई गई।
अध्यक्ष पारस राम ने कहा कि जिलाधिकारी द्वारा आदेश वापस लिए जाने के बाद एसोसिएशन ने आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया है। अब तहसील एवं न्यायालयों में अधिवक्ता नियमित रूप से न्यायिक कार्य में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की एकजुटता और शांतिपूर्ण तरीके से रखी गई मांग के बाद सकारात्मक निर्णय सामने आया है।
बैठक में वरिष्ठ और कनिष्ठ अधिवक्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान हड़ताल समाप्त करने के निर्णय से उपजिलाधिकारी सेवराई को भी अवगत कराने का फैसला लिया गया। हड़ताल समाप्त होने से न्यायिक कार्य से जुड़े लोगों और वादकारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
