धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता और शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि की जांच के लिए स्पष्ट SOP बनाने की मांग
अयोध्या। सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षपति के खिलाफ हुई ट्रैप कार्रवाई को लेकर उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ मुखर हो गया है। संघ ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही भविष्य में किसी भी लेखपाल के खिलाफ ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता और शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि की जांच के लिए स्पष्ट मानक प्रक्रिया (SOP) लागू करने की मांग उठाई है।
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के अध्यक्ष वैभव प्रताप सिंह और मंत्री बलिराम गुप्ता की ओर से मुख्यमंत्री को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि 20 अगस्त 2026 को अयोध्या की सोहावल तहसील में लेखपाल उत्कर्षपति के साथ हुई घटना के बाद प्रदेशभर के लेखपालों में आक्रोश है।
संघ ने प्रकरण से जुड़े CCTV फुटेज, वायरल वीडियो और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। संगठन का कहना है कि यदि जांच में किसी कर्मचारी को षड्यंत्रपूर्वक फंसाने की बात सामने आती है तो उसे उचित न्यायिक राहत दी जानी चाहिए।
75 जिलों और 351 तहसीलों में विरोध का दावा
लेखपाल संघ के मुताबिक, घटना के विरोध में प्रदेश के 75 जिलों और 351 तहसीलों में लेखपालों ने थाना दिवस का बहिष्कार करते हुए एक दिवसीय कलमबंद हड़ताल और धरना-प्रदर्शन किया।
संघ ने रखीं तीन प्रमुख मांगें
संघ की पहली मांग है कि सोहावल प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा षड्यंत्र की पुष्टि होने पर संबंधित लेखपाल को न्यायिक राहत दी जाए।
दूसरी मांग में भविष्य की ट्रैप कार्रवाई से पहले शिकायत की सत्यता, शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि, संभावित रंजिश और शिकायत के उद्देश्य की विस्तृत जांच अनिवार्य करने की बात कही गई है।
तीसरी मांग के रूप में भ्रष्टाचार निवारण संगठन और विजिलेंस टीम के लिए स्पष्ट एवं कड़े Standard Operating Procedure (SOP) जारी करने की मांग की गई है।
संघ का तर्क है कि केवल सामान्य या मौखिक शिकायत के आधार पर ट्रैप कार्रवाई होने से निर्दोष कर्मचारियों के उत्पीड़न की आशंका बनी रहती है। यदि किसी शिकायतकर्ता की ओर से अवैध या नियमविरुद्ध कार्य के लिए कर्मचारी पर दबाव बनाया जा रहा हो तो उस पहलू की भी जांच होनी चाहिए।
पत्र पर अध्यक्ष वैभव प्रताप सिंह और मंत्री बलिराम गुप्ता के हस्ताक्षर हैं। संगठन में वरिष्ठ उपाध्यक्ष अविनाश कुमार, कनिष्ठ उपाध्यक्ष मनोज कुमार, उपमंत्री संदीप वर्मा, कोषाध्यक्ष विवेक कुमार राय, ऑडिटर सत्येंद्र प्रकाश और मीडिया प्रभारी शुभम पांडेय समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हैं।
लेखपाल संघ ने मुख्यमंत्री से सोहावल प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने और निर्दोष पाए जाने वाले लेखपाल को न्याय दिलाने की मांग की है।
