एसआरजी ने नवाचार आधारित शिक्षण पर दिया जोर, मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

मुहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। राज्य संसाधन समूह (एसआरजी) के सदस्य संजय कुमार तिवारी ने मंगलवार को मुहम्मदाबाद गोहना शिक्षा क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय सुरहुरपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लेने के साथ विद्यार्थियों से संवाद कर शिक्षण व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों के साथ करीब 30 मिनट के शिक्षण सत्र में उन्होंने अंग्रेजी व्याकरण के ‘आर्टिकल’ विषय को उदाहरणों के जरिए समझाया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। तिवारी ने कहा कि पढ़ाई को रुचिकर और प्रभावी बनाने के लिए दृश्य-श्रव्य सामग्री के साथ नवाचार आधारित शिक्षण पद्धतियों का प्रयोग किया जाना चाहिए।

विद्यालय के शिक्षकों के साथ बैठक में उन्होंने प्रेरित पुरस्कार मानक योजना में विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वैज्ञानिक प्रतिरूप तैयार करने वाले विद्यार्थियों का पोर्टल पर पंजीकरण कराने, बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को उचित मंच देने पर भी जोर दिया।

उन्होंने निपुण भारत मिशन के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए शिक्षकों से योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने का आह्वान किया। प्रधानाध्यापिका प्रतिमा राय के नेतृत्व में विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों और शिक्षकों के आपसी समन्वय की उन्होंने सराहना की।

निरीक्षण के दौरान पढ़ाई में बेहतर सहभागिता करने वाले पांच मेधावी विद्यार्थियों को प्रधानाध्यापिका प्रतिमा राय ने अंग्रेजी व्याकरण की सहायक पुस्तकें देकर सम्मानित किया। एसआरजी सदस्य ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को आगे भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

इस अवसर पर सहायक अध्यापक सतीश कुमार मौर्य, सरोज यादव, लीलावती मौर्या, रामा राम, राम सहाय यादव और आशा देवी उपस्थित रहीं।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें