धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए मऊ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। नक्कटैया और मारीच वध के आयोजनों के मद्देनजर ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक मऊ श्री सर्वेश कुमार मिश्रा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्री अनूप कुमार के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी नगर श्री नितेश प्रताप सिंह ने थानाध्यक्ष दक्षिण टोला, थानाध्यक्ष रानीपुर और महिला थानाध्यक्ष के साथ पुलिसकर्मियों की बैठक कर उन्हें ब्रीफ किया। इस दौरान उच्चाधिकारियों की ओर से जारी आदेशों एवं निर्देशों से अवगत कराते हुए सभी को अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने नक्कटैया और मारीच वध के आयोजनों में जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और यातायात नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सतर्क निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने, भीड़ प्रबंधन में सावधानी बरतने और किसी भी परिस्थिति में शांति व्यवस्था प्रभावित न होने देने के लिए पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने की हिदायत दी।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य नक्कटैया और मारीच वध के आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
