राशन डीलरों को बड़ी सौगात, लाभांश ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल


धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ

मऊ की चारों विधानसभाओं में मुख्यमंत्री के संबोधन का हुआ सजीव प्रसारण, ई-पॉश आधारित फीडबैक प्रणाली शुरू

मऊ। प्रदेश के करीब 78 हजार उचित दर विक्रेताओं (राशन डीलरों) के लिए योगी सरकार ने बड़ी सौगात दी है। सरकार ने उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति क्विंटल कर दिया है। सोमवार को इस निर्णय के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लखनऊ स्थित लोक सभागार से दिए गए संबोधन का मऊ जनपद की चारों विधानसभा क्षेत्रों में सजीव प्रसारण कराया गया। नगर पालिका परिषद मऊ के कम्युनिटी हॉल में भी कार्यक्रम आयोजित कर बड़ी संख्या में राशन विक्रेताओं एवं लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का संबोधन सुना।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी व्यवस्था के तहत ई-पॉश आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का शुभारंभ किया। इसके माध्यम से राशन विक्रेता खाद्यान्न आपूर्ति से जुड़ी अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे दर्ज करा सकेंगे। सरकार का उद्देश्य इस डिजिटल व्यवस्था के जरिए सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, प्रभावी एवं जवाबदेह बनाना है।

2017 से लगातार बढ़ रहा लाभांश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वर्ष 2017 से प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के हित में लगातार कार्य कर रही है। उचित दर विक्रेताओं के लाभांश को पहले ₹70 से बढ़ाकर ₹90 और अब ₹125 प्रति क्विंटल किया गया है। उन्होंने बताया कि लाभांश में ₹25 की अतिरिक्त वृद्धि के लिए केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजा गया है। इसकी प्रक्रिया आगामी तीन से चार माह में पूरी होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में ई-पॉश मशीनों के माध्यम से करीब 15 करोड़ पात्र लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचाया जा रहा है। पारदर्शी व्यवस्था लागू होने से बिचौलियों की भूमिका समाप्त हुई है और राशन वितरण प्रणाली पहले से अधिक मजबूत हुई है। उचित दर विक्रेताओं को अपनी दुकानों से निर्धारित 39 प्रकार की आवश्यक वस्तुओं की बिक्री की अनुमति भी दी गई है। हालांकि नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।

पात्र लाभार्थियों को बांटे गए राशन कार्ड

मऊ के कम्युनिटी हॉल में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों को नए राशन कार्ड भी वितरित किए गए। जिला पंचायत अध्यक्ष मनोज राय ने कहा कि लाभांश में वृद्धि से राशन डीलरों के आर्थिक हित मजबूत होंगे और उन्हें अपने कार्य के प्रति और प्रोत्साहन मिलेगा।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष रामाश्रय मौर्या, मुख्य विकास अधिकारी विवेक श्रीवास्तव, भाजपा नेता अशोक सिंह, मनोज जायसवाल, प्रतीक जायसवाल, राजेश श्रीवास्तव, जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, राशन विक्रेता और लाभार्थी मौजूद रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें