मुहम्मदाबाद गोहना। आगामी त्योहारों, श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर सोमवार शाम पुलिस ने मुहम्मदाबाद कस्बा क्षेत्र में रूट मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने प्रभारी निरीक्षक मुहम्मदाबाद तथा भारी संख्या में पुलिस बल के साथ कस्बे के विभिन्न क्षेत्रों में पैदल गश्त की।
रूट मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस बल ने आमजन से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही आगामी त्योहारों के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस की सतर्कता और सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया।
अपर पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की अफवाह या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
