धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
नगर पंचायत परिसर में सुबह 10 बजे से शुरू होगा कैंप, ₹5 हजार की साइकिल ₹2,500 में देने की तैयारी
घोसी (मऊ)। नगर पंचायत घोसी के चेयरमैन मुन्ना प्रसाद गुप्ता की पहल पर जरूरतमंद छात्र-छात्राओं और क्षेत्रवासियों को कम कीमत पर रेंजर साइकिल उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके लिए 18 अगस्त 2026, मंगलवार को नगर पंचायत घोसी परिसर में विशेष कैंप लगाया जाएगा। कैंप सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
नगर पंचायत की ओर से जारी सूचना के मुताबिक बाजार में करीब ₹5,000 कीमत वाली रेंजर साइकिल लाभार्थियों को 50 प्रतिशत छूट के साथ ₹2,500 में उपलब्ध कराने की तैयारी है। इसके अलावा ₹100 पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है। इस तरह लाभार्थी को कुल ₹2,600 में साइकिल मिल सकेगी।
खास बात यह है कि योजना का लाभ लेने के लिए किसी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी, ऐसा नगर पंचायत की ओर से जारी सूचना में बताया गया है। कैंप में जरूरतमंद छात्र-छात्राओं और क्षेत्रवासियों को साइकिल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।
नगर पंचायत चेयरमैन मुन्ना प्रसाद गुप्ता ने छात्र-छात्राओं और क्षेत्रवासियों से अपील की है कि जिन्हें साइकिल की आवश्यकता है, वे निर्धारित समय पर नगर पंचायत परिसर में पहुंचकर इस पहल का लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों को कम कीमत पर साइकिल उपलब्ध कराकर उनके आवागमन को आसान बनाना है। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए 9616123548 पर संपर्क किया जा सकता है।
