धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को प्रदेश स्तरीय समन्वय जूनियर बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित करने का सबसे प्रभावी मंच हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खेलते हुए जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के समन्वय से जिला खेल कार्यालय, मऊ द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 18 मंडलों, स्पोर्ट्स कॉलेज लखनऊ और स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई सहित करीब 340 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
उद्घाटन अवसर पर जिला क्रीड़ाधिकारी डी.पी. सिंह ने मुख्य अतिथि का बुके और बैज पहनाकर स्वागत किया।
पहले दिन खेले गए पांच मुकाबले
प्रतियोगिता के पहले दिन कुल पांच मैच खेले गए। पहले मुकाबले में मुरादाबाद मंडल ने अलीगढ़ मंडल को 3-0 से हराया। दूसरे मैच में बरेली मंडल ने आगरा मंडल को 5-0 से शिकस्त दी। तीसरे मुकाबले में स्पोर्ट्स कॉलेज सैफई ने प्रयागराज मंडल को 5-0 से पराजित किया।
चौथे मैच में आजमगढ़ मंडल ने सहारनपुर मंडल को 6-0 से हराकर शानदार जीत दर्ज की। वहीं दिन के अंतिम मुकाबले में कानपुर मंडल ने चित्रकूट मंडल को 3-0 से मात दी।
खिलाड़ियों का किया गया सम्मान, खेल प्रेमियों की रही मौजूदगी
उद्घाटन समारोह में जिला ओलंपिक संघ के सचिव आनंद सिंह, संयुक्त सचिव अयूब अख्तर खान, जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष ओमेंद्र सिंह, जिला फुटबॉल संघ के सचिव मुन्नवर अली सहित बड़ी संख्या में खेल पदाधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन उप क्रीड़ाधिकारी जय प्रकाश सिंह ने किया। अंत में जिला क्रीड़ाधिकारी डी.पी. सिंह ने मुख्य अतिथि को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया तथा सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और उपस्थित खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।
