धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
व्यापारी के अपहरण या बड़ी वारदात की फिराक में थे बदमाश, कई जिलों में दर्ज हैं हत्या, लूट और गैंगस्टर के मुकदमे
मऊ। पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत दक्षिण टोला थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को दो शातिर अंतरजनपदीय बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे (.315 बोर), दो जिंदा कारतूस तथा एक चार पहिया वाहन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, क्षेत्र भ्रमण के दौरान सूचना मिली कि गोरखपुर की ओर से दो बदमाश अवैध असलहों के साथ मऊ की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही दक्षिण टोला पुलिस और स्वाट टीम ने मतलूपुर फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध सफेद रंग की कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार में सवार दोनों युवकों के पास से एक-एक अवैध तमंचा और एक-एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमांशु यादव उर्फ गोविंद यादव निवासी मिर्जापुर, थाना रानीपुर तथा पंकज यादव निवासी पीपरीडीह मजखानी, थाना सरायलखंसी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ दक्षिण टोला थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।
पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि दोनों आरोपी कई जिलों में लूट, हत्या, गैंगस्टर और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में वांछित रहे हैं। वर्ष 2025 में देवरिया के सलेमपुर थाना क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान हिमांशु यादव के दोनों पैरों में गोली लगी थी, जबकि उसका साथी पंकज यादव मौके से फरार हो गया था और उस मामले में अब तक वांछित चल रहा था।
पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी मुकदमों की पैरवी और अन्य खर्चों के लिए धन जुटाने की नीयत से मऊ में किसी व्यापारी के अपहरण या किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। समय रहते गिरफ्तारी होने से संभावित बड़ी वारदात टल गई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों अभियुक्तों के खिलाफ मऊ, गाजीपुर, देवरिया और कुशीनगर समेत कई जनपदों में हत्या, लूट, डकैती, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के दो दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी
- दो अवैध तमंचे (.315 बोर)
- दो जिंदा कारतूस (.315 बोर)
- एक चार पहिया वाहन
पुलिस ने दोनों आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
