धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुहम्मदाबाद गोहना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक शातिर अभियुक्त को अवैध पिस्टल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक मऊ के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद गोहना के नेतृत्व में थाना मुहम्मदाबाद पुलिस द्वारा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर करहां मार्ग स्थित देव बाबा स्थान के पास घेराबंदी कर विनय कुमार पुत्र बहादुर, निवासी ग्राम खड़गिलिया, थाना मुहम्मदाबाद गोहना को गिरफ्तार किया गया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल तथा एक .32 बोर का जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने उसके विरुद्ध मु0अ0सं0 256/26, धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त की गिरफ्तारी 28 जुलाई 2026 को सुबह 10:45 बजे की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध एवं अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
