धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ, 21 जुलाई। जनपद में अपराध नियंत्रण और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दक्षिणटोला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 80 लीटर अवैध कच्ची ताड़ी बरामद की है।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर नितेश प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में थानाध्यक्ष बसंत लाल के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आलिया स्कूल के पीछे बेलवाघाट, तमसा नदी किनारे घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उसके पास से दो नीले जरीकेनों में 35-35 लीटर तथा एक पीले जरीकेन में 10 लीटर, कुल 80 लीटर अवैध कच्ची ताड़ी बरामद हुई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान संजय सोनकर (40 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय झब्बू सोनकर, निवासी पुरादुर्जनराय (महरनिया), थाना कोतवाली नगर, जनपद मऊ के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध थाना दक्षिणटोला में मुकदमा संख्या 105/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
