भाँवरकोल – विकासखण्ड भाँवरकोल के प्राथमिक विद्यालय ढूंढीया में कार्यरत शिक्षामित्र स्व. उमेश भारती के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। उनके निधन की सूचना प्राप्त होते ही टीचर्स सेल्फ केयर टीम (टीएससीटी) भाँवरकोल, गाजीपुर के अध्यक्ष त्रिपुरारी यादव एवं प्रवक्ता मु. आलिम हुसैन के साथ प्राथमिक शिक्षक संघ भाँवरकोल के अध्यक्ष राजेश यादव एवं अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उनके पैतृक आवास पर पहुँचकर शोक-संतप्त परिवार से मुलाकात की तथा अपनी गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। टीम के सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। इस अवसर पर उपस्थित शिक्षकों ने स्व. उमेश भारती के सरल स्वभाव, मिलनसार एवं कर्तव्यनिष्ठ व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उनका निधन शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। टीएससीटी भाँवरकोल ने शोकाकुल परिवार को हर सम्भव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि स्वर्गीय उमेश भारती टीएससीटी के वैधानिक सदस्य थे जिससे उनके नॉमिनी अर्थात पत्नी को टीम द्वारा कम से कम 50 – 55 लाख का सहयोग प्रदान किया जायेगा। इस दुःख की घड़ी में समस्त शिक्षक समाज परिवार के साथ खड़ा है। इस मौके पर लक्ष्मण सिंह यादव, धनञ्जय राय, सूरज यादव, धर्मेन्द्र यादव आदि शिक्षक उपस्थित रहे।
शिक्षामित्र स्व. उमेश भारती के निधन पर टीएससीटी भाँवरकोल की टीम ने व्यक्त की शोक संवेदना
