वाराणसी, जौनपुर व चंदौली के मुक्केबाज़ों को हराकर 60–63 किग्रा वर्ग में बने मंडलीय चैंपियन, 10 से 13 जुलाई तक चित्रकूट में होगा राज्य स्तरीय मुकाबला
सेवराई। सनबीम स्कूल, दिलदारनगर के होनहार मुक्केबाज़ अनुज कुमार गुप्ता ने अपनी प्रतिभा और दमदार प्रदर्शन से मंडलीय जूनियर बॉक्सिंग ट्रायल में स्वर्णिम सफलता हासिल कर गाजीपुर जनपद का गौरव बढ़ाया है। डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम, वाराणसी में आयोजित ट्रायल में अनुज ने 60–63 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल सहित सभी मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए वाराणसी, जौनपुर और चंदौली के मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को पराजित कर प्रथम स्थान अपने नाम किया।
इस शानदार जीत के साथ अनुज ने 10 से 13 जुलाई 2026 तक चित्रकूट स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश राज्य स्तरीय जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए अपना चयन सुनिश्चित कर लिया है। मंडलीय स्तर पर मिली इस सफलता से विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है।
विद्यालय के बॉक्सिंग कोच शशि भूषण सिंह ने बताया कि अनुज ने जिला स्तरीय ट्रायल से लेकर मंडलीय प्रतियोगिता तक हर मुकाबले में अनुशासित खेल, बेहतरीन तकनीक और अदम्य आत्मविश्वास का परिचय दिया। कठिन मुकाबलों में भी उन्होंने धैर्य बनाए रखते हुए जीत दर्ज की, जो उनकी निरंतर मेहनत और लगन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अनुज राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी पदक जीतकर विद्यालय और गाजीपुर जनपद का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन करेंगे।
अनुज की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर सनबीम स्कूल, दिलदारनगर के डायरेक्टर नवीन कुमार सिंह, प्रधानाचार्य दीपक कुमार साव, समस्त शिक्षकगण, विद्यार्थियों तथा क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
