नगसर। हमीद सेतु के नीचे गंगा नदी के रेतीले तट पर बुधवार सुबह एक बुजुर्ग का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान नगसर हाल्ट थाना क्षेत्र के गोंहदा विशुनपुरा गांव निवासी 61 वर्षीय केशरी के रूप में हुई। घटना के बाद पत्नी कलावती देवी सहित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह गंगा किनारे शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। तलाशी के दौरान जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। शव मिलने की खबर से हमीद सेतु पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
परिजनों ने बताया कि केशरी एक दिन पहले रिश्तेदारी में गाजीपुर जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वहां नहीं पहुंचे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को पुलिस से शव मिलने की सूचना मिलने पर परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। चौकी प्रभारी अभिनव गुप्ता ने बताया कि गंगा नदी किनारे मिले शव की पहचान हो चुकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
