सेवराई। तहसील क्षेत्र के नौली ग्राम पंचायत भवन में मंगलवार को गाय गंगा मानव सेवा समिति की ओर से रोटी बैंक योजना का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन टीवी डैशबोर्ड के माध्यम से किया गया, जिसमें ग्रामीणों को रोटी बैंक की कार्यप्रणाली का डेमो दिखाकर जागरूक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मां कामाख्या धाम के महंत आकाश राज तिवारी एवं पूर्व प्रधान लालबहादुर सिंह तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी संतोष जायसवाल ‘डब्लू’ और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जमशेद राईनी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान शमीमा बेगम ने की।
समाजसेवी संतोष जायसवाल ‘डब्लू’ ने कहा कि रोटी बैंक की शुरुआत समाज के लिए एक सराहनीय पहल है। इससे शादी-विवाह एवं अन्य आयोजनों में बचा हुआ भोजन जरूरतमंदों तक पहुंचाने के साथ-साथ भोजन की बर्बादी भी रोकी जा सकेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि खाने योग्य बचा हुआ भोजन फेंकने के बजाय रोटी बैंक को उपलब्ध कराएं।
गाय गंगा मानव सेवा समिति के अध्यक्ष विनीत तिवारी ने बताया कि रोटी बैंक के लिए एक विशेष वाहन संचालित किया जाएगा, जो लोगों के पास जाकर लोगों से बचा हुआ भोजन एकत्र करेगा। एकत्रित भोजन को नौली स्थित अस्थायी गौआश्रय स्थल में संरक्षित पशुओं के लिए इकट्ठा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य भोजन की बर्बादी रोकने के साथ-साथ गौसेवा को बढ़ावा देना और लोगों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
ग्राम पंचायत सचिव विनीत राय ने बताया कि रोटी बैंक अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा कि वे बचा हुआ भोजन कूड़े में फेंकने के बजाय रोटी बैंक वाहन को दें, ताकि उसका सदुपयोग गौआश्रय स्थल की पशुओं के लिए किया जा सके।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत सचिव विनीत राय, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जमशेद राईनी, पूर्व प्रधान धनजी सिंह, पूर्व प्रधान लाल बहादुर सिंह, समाजसेवी संतोष जायसवाल ‘डब्लू’, नारायण सिंह, अरविंद सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
