बहादुरगंज (गाजीपुर)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर पंचायत बहादुरगंज द्वारा माँ चंडीधाम मंदिर परिसर में योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, युवाओं, तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग को स्वस्थ जीवन का आधार बताते हुए इसके नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान लोगों को योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई। योग प्रशिक्षक अभयराज सिंह ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की एक महत्वपूर्ण धरोहर है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देती है। वहीं पर भाजपा कासिमाबाद द्वितीय मण्डल अध्यक्ष शुभांशु मिश्रा ने कहा कि योग का प्रचलन अनादिकाल से हमारे देश में होता रहा है और इसी योग के बल पर ऋषि मुनक्का ने कठिन तप करके अपने अपने लक्षय को प्राप्त किया है जबकि पवन राय ने कहा कि योग के माध्यम से हम समाज के सभी वर्गों से जुड़कर लाभ लेने की अपील करते हैं और करें योग रहें निरोग की थीम पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के संयोजक शक्ति जायसवाल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं नगरवासियों का स्वागत एवं अभिवादन करते हुए योग के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर अनेक बीमारियों से बचा जा सकता है और स्वस्थ समाज का निर्माण किया जा सकता है।
हालांकि कार्यक्रम के दौरान पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था न होने से कुछ लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं मनोनीत सभासद रामायण गुप्ता ने कहा कि इतनी भीषण गर्मी के बीच बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति के बावजूद पानी की समुचित व्यवस्था न होना कहीं न कहीं यह घोर लापरवाही है जिसे क्षमा नहीं किया जा सकता वहीं पर धनंजय चौरसिया ने भी पानी की व्यवस्था न होने पर जमकर आक्रोश व्यक्त किया और कहा इतने बड़े आयोजन में पानी की व्यवस्था न होना यह घोर लापरवाही है जिसे आगे से बर्दाश्त नहीं किया जायेगा वहीं पर अधिशाषी अधिकारी शिकायत करने पर उन्होंने कहा पानी की व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर पंचायत के जिम्मे दी गई थी भूलवश कर्मचारी समय से व्यवस्था नहीं कर पाये आगे से इसका विशेष ध्यान दिया जायेगा। वहीं पर प्रतिभागियों ने असंतोष व्यक्त किया। कई लोगों ने नगर पंचायत से भविष्य में ऐसे आयोजनों में मूलभूत सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने की मांग की।
योग शिविर का समापन सामूहिक योगाभ्यास एवं स्वास्थ्य जागरूकता संदेश के साथ हुआ। कार्यक्रम में निरंजन शर्मा, श्याम बिहारी वर्मा, मयंक राय, शुभांशु मिश्रा, धर्मेन्द्र राय, रामायण गुप्ता, संतोष जायसवाल, जयप्रकाश गुप्ता ,कालीचरण मद्धेशिया, शक्ति जायसवाल, मनोज खरवार, धनंजय चौरसिया, नीतीश उपाध्याय, राहुल चौहान, नगर पंचायत के प्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की उल्लेखनीय सहभागिता रही।
