सेवराई। तहसील क्षेत्र के सतरामगंज बाजार स्थित पेयजल टंकी ध्वस्तीकरण के बाद अभी तक नई टंकी का निर्माण न होने और पुराने पंप हाउस से पानी की नियमित सप्लाई न होने के कारण लोगों को काफी परेशानियां उठानी पड़ रही है। पानी टंकी सप्लाई के लिए स्थानीय लोगों के द्वारा कई बार उच्च अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया। लेकिन उनके द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई नहीं किया गया है, वहीं विभागीय सूत्रों की माने तो पम्प हाउस पर कोई भी कर्मचारी की तैनाती नहीं है जिससे नियमित रूप से पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। गौरतलब हो कि सेवराई तहसील मुख्यालय के स्थानीय बाजार देवकली भदौरा गांव सहित विभिन्न स्थानों पर पेयजल आपूर्ति के लिए विभाग के द्वारा कई दशक पूर्व पेयजल टंकी का निर्माण कराया गया था। जिसके जर्जर होने के बाद विभाग ने उसे ध्वस्तीकरण कराते हुए नया टंकी बनाने का कार्य शुरू किया लेकिन नई टंकी अभी आधी अधूरी ही बनाई गई है टंकी का केवल पिलर का हिस्सा ही बना हुआ है। वही पुराने पंपों से लोगों के घरों तक पेयजल आपूर्ति की जाती है लेकिन पंप हाउस का संचालन के लिए कोई भी कर्मचारी ना होने के कारण नियमित रूप से पानी सप्लाई नहीं हो पा रहा है। जिससे लोगों के सामने पेयजल एवं रोजमर्रा के कामों के लिए पानी की किल्लत बनी हुई है, लोगों ने उच्च अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जल्द से जल्द समस्या के निजात की मांग की है। इस सम्बंध में एसडीएम सेवराई संजय यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। सम्बंधित विभागीय अधिकारियों को पत्राचार कर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।
नई टंकी का निर्माण न होने और पुराने पंप हाउस से पानी की नियमित सप्लाई न होने के कारण लोगों को हो रही परेशानियां
