
- 11 जून को घर से निकला 35 वर्षीय युवक अब तक लापता
- मानसिक स्थिति ठीक न होने से परिवार में बढ़ी बेचैनी
लोक अधिकार
तमकुहीराज कुशीनगर । कुबेरस्थान थाना क्षेत्र के छोटा सिकटा गांव निवासी एक युवक के लापता होने से परिवार परेशान है। कई दिनों तक खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चलने पर मां ने पुलिस से पुत्र की तलाश कराने की मांग की है। परिजन युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद में लगातार प्रयास कर रहे हैं।
छोटा सिकटा गांव की निवासी ललिता देवी पत्नी स्व. सुभाष तिवारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उनका पुत्र राजन तिवारी (35) 11 जून 2026 की दोपहर घर से नोनियापट्टी जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर न लौटने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास के गांवों, रिश्तेदारों व परिचितों के यहां खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। मां के अनुसार राजन तिवारी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है। ऐसे में उसके लंबे समय से लापता रहने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। उन्होंने पुलिस से बेटे की तलाश कर उसे सकुशल बरामद करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने लोगों से अपील की है कि युवक के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
