
- तीन दिन पहले हैदराबाद से गांव लौटा था 17 वर्षीय राजा
- दादा से कहासुनी के बाद हुई घटना, रिपोर्ट के इंतजार में पुलिस
लोक अधिकार
तमकुहीराज कुशीनगर । तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत सपही टड़वा के भरवा टोली में एक 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल की बारीकी से पड़ताल के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।
जानकारी के अनुसार भरवा टोली निवासी राजा तीन दिन पहले हैदराबाद से अपने घर आया था। उसकी मां वर्षों से परिवार से अलग रह रही है, जबकि पिता दिल्ली में रोजगार करते हैं। घर लौटने के बाद वह स्थानीय स्तर पर अंडे का कारोबार कर रहा था। मृतक के दादा मोतीलाल गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार की शाम किसी बात को लेकर राजा से उनकी कहासुनी हुई थी। इसके बाद रात में सभी लोग सो गए। शनिवार भोर में जब वह उठे तो राजा टिनशेड के नीचे बांस के सहारे गमछे के फंदे से लटका मिला। तत्काल उसे नीचे उतारकर बचाने का प्रयास करने लगे, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। सूचना पर एसओ आलोक कुमार व हल्का इंचार्ज अंकित सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ
घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसओ आलोक कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम व फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
