बहादुरगंज (गाजीपुर)। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार देर शाम बहादुरगंज पुलिस चौकी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कासिमाबाद कोतवाल राजेश कुमार त्रिपाठी ने की। इस दौरान नगर क्षेत्र के ताजियादारों, अखाड़ा समितियों के पदाधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर त्योहार से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में उपस्थित लोगों ने मुहर्रम के दौरान बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई तथा सड़कों पर मौजूद गड्ढों की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। नगर पंचायत के लिपिक हरिप्रकाश को साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं में आने वाली समस्याओं को शीघ्र दूर कराने के लिए कहा गया।कोतवाल राजेश कुमार त्रिपाठी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मुहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। सभी लोग मिल-जुलकर इस पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा को लागू नहीं किया जाएगा और जुलूस के दौरान तलवार, चाकू, बल्लम अथवा अन्य घातक हथियारों का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।उन्होंने पुलिस चौकी प्रभारी पुष्पेश चंद दुबे से त्योहार संबंधी तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अराजक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने तथा सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से अफवाह फैलाने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कोतवाल ने नगर पंचायत प्रशासन को भी निर्देशित किया कि मुहर्रम से पूर्व नगर क्षेत्र में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा सड़कों की मरम्मत का कार्य समय से पूरा कराया जाए ताकि श्रद्धालुओं और जुलूस में शामिल लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में चौकी प्रभारी पुष्पेश चंद दुबे, मोहम्मद अली खान, हरिशंकर राय, मुस्तफा खान, रामायण गुप्ता, मुश्ताक अंसारी, हरिप्रकाश, अरविंद प्रजापति, आफताब अहमद, शाहिद खान, शिवमुनि यादव, महताब अहमद, इस्माईल, अफरोज खान सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक एवं ताजियादार उपस्थित रहे। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। अंत में चौकी प्रभारी बहादुरगंज पुष्पेषचंद दुबे ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाएं मुहर्रम : एसओ राजेश कुमार त्रिपाठी
