डिजिटल एवं साइबर सुरक्षा जागरूकता को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित


बहादुरगंज, गाजीपुर। डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के बीच साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को लेकर प्रगति फाउंडेशन रतनपुरा के तत्वावधान में डिजिटल एवं साइबर सिक्योरिटी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रतिभागियों को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा डिजिटल संसाधनों के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान साइबर सुरक्षा प्रशिक्षक प्रिंस यादव ने मजबूत पासवर्ड बनाने, दो-स्तरीय सुरक्षा अपनाने, संदिग्ध लिंक और अनजान वेबसाइट से सावधान रहने तथा ओटीपी, एटीएम पिन एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की जानकारी दी। उन्होंने सोशल मीडिया अकाउंट की सुरक्षा, फर्जी कॉल व मैसेज, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग तथा पहचान से जुड़ी डिजिटल धोखाधड़ी से बचने के उपाय भी बताए। प्रशिक्षक प्रिंस यादव ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए तकनीकी जानकारी के साथ सतर्कता भी बेहद जरूरी है। किसी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में घबराने के बजाय संबंधित बैंक, संस्था अथवा साइबर अपराध शिकायत व्यवस्था से तत्काल संपर्क करना चाहिए। मिशन शक्ति की संजना यादव ने महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए सरकार द्वारा चलाए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए कहा कि महिलाएं जागरूकता, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के माध्यम से अपने अधिकारों के प्रति मजबूत बन सकती हैं। कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया। संस्था की निदेशक अंजलि ने कहा कि बच्चों, युवाओं, महिलाओं, अभिभावकों और आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना वर्तमान समय की आवश्यकता है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को डिजिटल रूप से सुरक्षित और जागरूक बनाने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा। इस दौरान कार्यक्रम समन्वयक विमलेश तिवारी, पकवाइनार चौकी प्रभारी आशुतोष मद्धेशिया, वंदना, अंजली सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें