बहादुरगंज, गाजीपुर। स्थानीय मां चंडी धाम परिसर में भाजपा जिला मंत्री मयंक राय के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नेताओं ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल महामहिम मनोज सिंह के पुत्र एवं भाजपा नेता अभिनव सिन्हा का जन्मदिन हर्षोल्लास के साथ मनाया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने केक काटकर अभिनव सिन्हा को जन्मदिन की बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मयंक राय ने अभिनव सिन्हा के सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि अभिनव युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं और समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव सक्रिय रहते हैं। उपस्थित वक्ताओं ने उनके स्वस्थ, सफल और दीर्घायु जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।
जन्मदिन समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। पूरे कार्यक्रम में उत्साह और सौहार्द का माहौल बना रहा। अभिनव सिन्हा ने सभी भाजपा नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप सभी का स्नेह, सहयोग और आशीर्वाद उन्हें समाजहित में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
समारोह में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
