इलाज के इंतजार में 4 वर्षीय मासूम की मौत, मोहम्मदाबाद CHC की व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल


मोहम्मदाबाद। प्रदेश सरकार जहां स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के दावे कर रही है, वहीं गाजीपुर जिले के मोहम्मदाबाद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद से सामने आई एक दर्दनाक घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाज के इंतजार में एक 4 वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो जाने से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के अनुसार लोहरपुरा पलिया निवासी दिनेश यादव अपनी दो बेटियों की तबीयत अचानक बिगड़ने पर उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पहुंचे थे। पीड़ित पिता का आरोप है कि वह अपनी चार वर्षीय छोटी बेटी को गोद में लेकर अस्पताल में डॉक्टरों के इंतजार में काफी देर तक बैठे रहे, लेकिन समय पर न तो डॉक्टर मिले और न ही बच्ची को कोई समुचित उपचार दिया गया।

परिजनों के अनुसार लंबे इंतजार के दौरान ही बच्ची की हालत लगातार बिगड़ती गई और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। आरोप है कि इसके बाद भी अस्पताल में मौजूद ड्यूटी डॉक्टरों ने जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ते हुए बच्ची को गाजीपुर के लिए रेफर कर दिया। बाद में परिजनों को बताया गया कि बच्ची की मौत कई घंटे पहले ही हो चुकी थी।

बताया जा रहा है कि बच्ची की आठ वर्षीय बड़ी बहन की हालत भी गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया है।

घटना के बाद जब स्थानीय पत्रकारों ने अस्पताल अधीक्षक डॉ. आशीष कुमार राय से इस मामले में जानकारी लेनी चाही और अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाए, तो आरोप है कि उन्होंने सहयोग करने के बजाय पत्रकारों से कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया और उनसे सूचना विभाग का ‘अथॉरिटी लेटर’ दिखाने की मांग की।

इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय नागरिकों और पत्रकारों में काफी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि समय पर बच्ची को उपचार मिल जाता तो शायद उसकी जान बच सकती थी। साथ ही उन्होंने अस्पताल प्रशासन की लापरवाही की निष्पक्ष जांच कर दोषी डॉक्टरों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

क्षेत्रीय लोगों का यह भी आरोप है कि अस्पताल प्रशासन के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या इस दर्दनाक घटना के बाद शासन-प्रशासन जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कदम उठाएगा या फिर मामला ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें