सेवराई। तहसील क्षेत्र में बुधवार देर शाम आए आंधी-तूफान के कारण भदौरा फीडर से जुड़े आठ से अधिक गांवों में विद्युत आपूर्ति शुक्रवार को तीसरे दिन भी बहाल नहीं हो सकी है। इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि बिजली निगम के कर्मचारी पोल टूटने का बहाना बनाकर आपूर्ति बहाल करने में लापरवाही बरत रहे हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र के कई अन्य हिस्सों में आंधी के तुरंत बाद ही बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी गई थी। लगातार तीन दिनों से बिजली न होने के कारण घरों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण निष्क्रिय हो गए हैं। इस बिजली कटौती से ग्रामीणों को सबसे अधिक परेशानी पेयजल संकट को लेकर हो रही है। बिजली न होने के कारण घरों में लगे समरसेबल और मोटर बंद पड़े हैं, जिससे पीने के पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। लोगों को बाजार से महंगे दामों पर पानी खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सेवराई निवासी भानु प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग जानबूझकर हीलाहवाली कर रहा है, जिससे आम जनता के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने अवर अभियंता राजकुमार और संबंधित लाइनमैन पर लापरवाही का आरोप लगाया। इस संबंध में अवर अभियंता विद्युत राजकुमार गौतम ने बताया कि आंधी-तूफान के कारण कई स्थानों पर विद्युत पोल टूटकर गिर गए हैं, जिससे आपूर्ति बाधित हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभागीय टीमों द्वारा मरम्मत कार्य तेजी से जारी है और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
तीसरे दिन भी विद्युत आपूर्ति नहीं हुआ बहाल, पेय जल का संकट,ग्रामीणों में आक्रोश
