बसनिया मार्ग बना दलदल, पीडब्ल्यूडी सोया कुंभकर्णी नींद आवागमन में बढ़ी मुश्किलें


गाजीपुर। मुहम्मदाबाद तहसील क्षेत्र के बसनिया गांव के पास लोक निर्माण विभाग (निर्माण खंड-3) की सड़क इन दिनों बदहाल हालत में है। ग्रामीणों के घरों से निकलने वाली नालियों का पानी लगातार सड़क पर गिरने से पूरा मार्ग कीचड़ और दलदल में तब्दील हो गया है, जिससे राहगीरों और वाहनों के लिए गुजरना जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि कई महीनों से सड़क की स्थिति खराब होती जा रही है। जलभराव और कीचड़ के कारण दोपहिया व चारपहिया वाहनों का चलना मुश्किल हो गया है। कई लोग फिसलकर चोटिल भी हो चुके हैं, जबकि एंबुलेंस का आना-जाना लगभग बंद हो गया है। यह सड़क मुहम्मदाबाद से भरौली को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसी रास्ते से रोजाना निजी बसों का संचालन होता है और आसपास के गांवों के लोग बाजार, स्कूल, बक्सर रेलवे स्टेशन और अस्पताल तक पहुंचते हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोड़ऊर जाने वाले मरीजों को भी इसी मार्ग से गुजरना पड़ता है, लेकिन खराब सड़क के कारण उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।

आरसीसी सड़क भी हुई क्षतिग्रस्त

ग्रामीणों के अनुसार जलभराव की समस्या को देखते हुए पिछले वर्ष इस मार्ग पर आरसीसी सड़क का निर्माण कराया गया था। इसके बावजूद नालियों का पानी लगातार सड़क पर गिरने से कई स्थानों पर सड़क टूटने लगी है और मार्ग फिर से कीचड़ में बदल गया है। लोगों ने पुरानी नालियों पर मिट्टी डालकर कब्जा कर लिया है।

रेड रोजेज स्कूल ने बनाया वैकल्पिक रास्ता

बसनिया स्थित रेड रोजेज स्कूल के प्रबंधक मुक्तिनाथ राय ने बताया कि सड़क की खराब हालत के कारण छात्रों के स्कूल पहुंचने में दिक्कत हो रही थी। इस समस्या को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने खेतों के बीच से निजी रास्ता बनवाया, जिससे स्कूल बस और बच्चों का आवागमन सुचारु हो सके।

नाली की निकासी को लेकर विवाद

ग्राम प्रधान रामनिशान ने बताया कि समस्या की जड़ नालियों के पानी की निकासी है। आबादी के पास कोई गड़ही या तालाब नहीं है, जहां पानी छोड़ा जा सके। हालांकि करीब 700 मीटर दूर एक गड़ही है, लेकिन वहां तक नाली बनाने के लिए सड़क किनारे लंबी नाली का निर्माण और विभागीय अनुमति आवश्यक होगी। ब्लाक स्तरीय द्वारा पहले नाली बनाई गई थी। लेकिन अब नाली को पुरी तरह से मिट्टी डालकर कब्जा कर लिया गया है‌।

समाधान के लिए प्रशासन करेगा पहल

भांवरकोल विकास खंड अधिकारी महेन्द्र प्रसाद ने कहा कि यदि पंचायत स्तर पर समाधान नहीं निकलता है तो उच्च अधिकारियों को पत्र लिखकर स्थायी समाधान के लिए पहल की जाएगी।

पीडब्ल्यूडी ने दी कार्रवाई की चेतावनी

लोक निर्माण विभाग के जेई राजेश यादव ने बताया कि सड़क की पटरियों पर अवैध कब्जा करने और नालियों का पानी सड़क पर गिराने वालों को नोटिस दिया गया है। यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने और नालियों के पानी की समुचित निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके।

error: Content is protected !!
नमस्कार 🙏 हमारे न्यूज पोर्टल - मे आपका स्वागत हैं ,यहाँ आपको हमेशा ताजा खबरों से रूबरू कराया जाएगा , खबर ओर विज्ञापन के लिए संपर्क करे +91 9415000867 ,हमारे यूट्यूब चैनल को सबस्क्राइब करें, साथ मे हमारे फेसबुक को लाइक जरूर करें