भांवरकोल। जगदीशपुर गांव के पूर्व प्रधान अखिलेश सिंह (55) रविवार दोपहर दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अखिलेश सिंह ट्रैक्टर पर मिट्टी लादकर दोपहर करीब 1:30 बजे लट्टूडीह मार्ग स्थित जगदीशपुर रोड पर चढ़ रहे थे, तभी अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से दो लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने दोनों को बाहर निकाला। परिजन अखिलेश सिंह को तत्काल गाजीपुर अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं घायल बबी देवल राम को परिजन इलाज के लिए बलिया अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। भांवरकोल थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
जगदीशपुर के पूर्व प्रधान अखिलेश सिंह की ट्रैक्टर से दबकर मौत
