सादात – गाज़ीपुर। नगर स्थित भाग्यलक्ष्मी इंडेन गैस एजेंसी पर मंगलवार की सुबह रसोई गैस सिलेंडर लेने पहुंचे लोगों ने मनमाने तरीके से सिलेंडर का वितरण किए जाने का आरोप लगाते हुए जमकर बवाल किया। हंगामे की सूचना पाकर पहुंची स्थानीय पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया और अपनी मौजूदगी में गैस सिलेंडर वितरित कराया।
बताते हैं कि इस गैस एजेंसी से संबद्ध सैकड़ों उपभोक्ताओं द्वारा भुगतान करने के बावजूद बीते चार अप्रैल से ही डीएसी नहीं आ रही थी। ऐसे में उपभोक्ताओं को दस दिनों से सिलेंडर का वितरण नहीं हो रहा था। बताते हैं कि एजेंसी द्वारा काफी संख्या में सिलेंडर की डिलेवरी खारिज नहीं किए जाने से डीएसी ही जारी नहीं हो रहा था। लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिलने से घरों में भोजन बनाने का विकट संकट खड़ा हो गया था। दस दिन बाद डीएसी जारी होने के बाद मंगलवार की सुबह एजेंसी पर सिलेंडर लेने पहुंचे पहाड़पुर निवासी उपभोक्ता एडवोकेट विजय प्रकाश चौबे, ख़ुटहीं के विनोद सिंह, सादात निवासी विवेक जायसवाल, नील कमल जायसवाल, अनिल कुमार जायसवाल, आरती देवी, सुभावती, आशा, नगमा, शन्नो, विजय, राजेश, महेंद्र, प्रदीप सहित दर्जनों उपभोक्ताओं ने शिकायत किया कि मनमाने ढंग से सिलेंडर वितरण किया जा रहा है। उनका कहना रहा कि सुबह से ही कतार लगाने के बावजूद उनका पासबुक लेकर रख लिया गया और बाद में आने वाले लोगों को डिलेवरी कर दी गई। हंगामे की सूचना पाकर उप निरीक्षक सुरेन्द्र राम मिश्रा और उप निरीक्षक हरिहर मिश्रा हमराही कांस्टेबल संग एजेंसी पर पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर हंगामा खत्म कराए। पुलिस ने अपनी निगरानी में सिलेंडर वितरण का कार्य कराकर मामला शांत कराया।
