गाजीपुर। भांवरकोल क्षेत्र के बसनिया गांव स्थित रेड रोजेज स्कूल बसनिया के पास सोमवार को एक ट्रेलर सड़क में फंस गया, जिससे रेवसड़ा की ओर जाने वाला मार्ग काफी देर तक बाधित रहा। ट्रेलर के फंसने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार बसनिया गांव के पास एक ग्रामीण के घर से निकलने वाला नाबदान का पानी लगातार सड़क पर बहता रहता है। इसी कारण सड़क का बड़ा हिस्सा दलदल और गड्ढे में तब्दील हो गया है। बताया जा रहा है कि पिछले वर्ष ही यहां आरसीसी सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन नाबदान के पानी के कारण सड़क धीरे-धीरे क्षतिग्रस्त होकर अब गहरे गड्ढे और तालाब जैसी स्थिति में बदल चुकी है।
मंगलवार को जब रेवसड़ा की ओर जा रहा ट्रेलर इस खराब हिस्से से गुजरने लगा तो वह गड्ढे में धंस गया और आगे बढ़ने में असमर्थ हो गया। इससे सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन से की गई है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है।
खबर लिखे जाने तक ट्रेलर सड़क में फंसा हुआ था और आवागमन बाधित बना रहा। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत और नाबदान के पानी की निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
