धर्मेन्द्र भारद्वाज | मऊ
मऊ। साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए जनपद मऊ की साइबर पुलिस टीम ने तीन पीड़ितों के साथ हुई ऑनलाइन ठगी की कुल 2,92,449 रुपये की धनराशि वापस कराई है। इस कार्रवाई से साइबर ठगी के शिकार लोगों को बड़ी राहत मिली है।
पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर फ्रॉड रोकथाम और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 21 अगस्त 2026 को यूपीआई एवं अन्य ऑनलाइन माध्यमों से हुई ठगी की रकम पीड़ितों के खातों में वापस कराई गई।
कोतवाली नगर के दो पीड़ितों को भी मिली राहत
थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के पीड़ित अभिषेक कुमार को 10,114 रुपये तथा आवेदिका बंदना यादव को 2,339 रुपये की धनराशि वापस कराई गई।
वहीं, साइबर क्राइम थाना मऊ की टीम ने ऑनलाइन ठगी के शिकार अजीत सिंह के खाते में 2,79,996.90 रुपये वापस कराए। पुलिस के अनुसार, इसी मामले में पूर्व में 5 लाख रुपये की धनराशि भी वापस कराई जा चुकी है। इस प्रकार अब तक पीड़ित को कुल लगभग 7.79 लाख रुपये वापस मिल चुके हैं।
10 प्रतिशत मुनाफे और कमीशन का लालच देकर हुई थी ठगी
पीड़ित अजीत सिंह के अनुसार, अज्ञात साइबर ठगों ने उन्हें प्रतिदिन 10 प्रतिशत लाभ, पैसा वापस करने और कमीशन देने का झांसा दिया। इसके बाद उनसे कुल 19.65 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई।
शिकायत मिलने पर साइबर क्राइम थाना मऊ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और संदिग्ध खातों में गई धनराशि को होल्ड कराने की कार्रवाई की। मामले में मु0अ0सं0 18/2025, धारा 318(4) बीएनएस एवं 66डी आईटी एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पीड़ित ने धनराशि वापस मिलने पर पुलिस के उच्चाधिकारियों और साइबर क्राइम थाना मऊ की टीम का आभार व्यक्त किया।
साइबर ठगी से बचने के लिए बरतें सावधानी
साइबर पुलिस ने लोगों से लॉटरी, लकी ड्रॉ, कैशबैक, रिवार्ड प्वाइंट, सस्ते लोन, नौकरी, मोबाइल टॉवर और अन्य आकर्षक ऑफर के नाम पर आने वाले संदिग्ध कॉल, मैसेज और विज्ञापनों से सावधान रहने की अपील की है। पुलिस ने किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा OTP, PIN, CVV, कार्ड नंबर और UPI PIN जैसी बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करने को कहा है।
पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन खरीदारी, OLX, सोशल मीडिया, फर्जी कस्टमर केयर नंबर और “रिक्वेस्ट मनी” जैसे विकल्पों का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।
साइबर अपराध होने पर तुरंत करें शिकायत
किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर पीड़ित तत्काल 1930 अथवा 112 पर संपर्क करें। इसके अलावा साइबर अपराध की शिकायत आधिकारिक पोर्टल cybercrime.gov.in पर दर्ज कराई जा सकती है। पीड़ित अपने नजदीकी थाने या साइबर क्राइम सेल से भी तत्काल संपर्क करें।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय सतर्कता और जागरूकता है।
